दीपोत्सव में 25 लाख दीप प्रज्वलित कर गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड बनाने की तैयारी
- Bharat Heartline News
- Oct 22, 2024
- 2 min read

मंत्री जयवीर सिंह ने दीपोत्सव के तैयारियों को परखा
लखनऊ: 22 अक्टूबर, 2024, उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि राम नगरी अयोध्या में दीपोत्सव के 8वंे चरण के अंतर्गत लगभग 25 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित कर राम नगरी में त्रेतायुग के दृश्य को जीवंत करने का प्रयास किया जाए। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाए। उन्होंने उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करके 28 से 30 अक्टूबर तक अयोध्या के विभिन्न स्थलों पर रामायण के प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करायें।
पर्यटन मंत्री ने यह निर्देश दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के दौरान दिये। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव में आधुनिक तकनीक से सुसज्जित मंच एवं प्रदर्शनी संस्कृति विभाग द्वारा लगाई जायेगी। दीपोत्सव के लिए 10 बड़े सांस्कृतिक मंचों का निर्माण किया जा रहा है। इन मंचों पर अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से त्रेतायुग की झलकियां प्रदर्शित की जायेगी। इस प्रदर्शनी से श्रद्धालु त्रेतायुग का अनुभव कर सकेंगे।
जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या की पवित्र नदी सरयू भगवान श्रीराम की मर्यादा, रामराज्य की परिकल्पना, लोक जीवन के आदर्शों तथा गौरवशाली संस्कृति को समेटे हुए है। इस वर्ष भी अयोध्या के घाटों और प्रमुख स्थलों पर दीप जलाये जायेंगे जो पूरी रात अलौकिक दृश्य उत्पन्न करेंगे। मुख्य आयोजन 30 अक्टूबर को रामपथ, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी तथा सरयू तट आदि पर आयोजित किये जायेंगे। इस अवसर पर रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां एवं 30 कलाकारों के साथ दलों द्वारा रामपथ सचल प्रदर्शन का वह स्वयं शुभारम्भ करेगे।
जयवीर सिंह ने कहा कि श्रीराम-सीता एवं लक्ष्मण जी के स्वरूपों का हेलीकाप्टर से रामकथा पार्क के हेलीपैड पर प्रतीकात्मक पुष्प विमान द्वारा अवतरण होगा एवं भरत मिलाप का कार्यक्रम होगा। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा श्रीराम जानकी का पूजन, आरती एवं श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया जायेगा। इस मौके पर पर्यटन ऐप एवं काफी टेबल बुक का विमोचन होगा तथा गणमान्य अतिथियों का सम्मान किया जायेगा। सरयू जी की आरती स्थल तथा नया घाट पर अतिथियों का आगमन होगा और 1100 व्यक्यिों की संख्या में एक साथ सरयू आरती करने का गिनीज विश्व रिकार्ड बनाने का प्रयास किया जायेगा।
जयवीर सिंह ने कहा कि राम की पैड़ी पर 25 लाख दीपों का एक साथ प्रज्वलन कर विश्व रिकार्ड बनाया जायेगा। इसके अलावा अयोध्या नगर क्षेत्र में अतिरिक्त 10 लाख दीपों का प्रज्वलन किया जायेगा। इस अवसर पर मलेशिया, म्यांमार, थाईलैण्ड, इण्डोनेशिया, कम्बोडिया तथा नेपाल के कलाकारों द्वारा रामलीला की प्रस्तुति की जायेगी। इसके अलावा फरूवाही लोकनृत्य बहुरूपिया, अवधी लोकनृत्य, बमरसिया, थारू, लोकनृत्य, दीवारी लोकनृत्य, धोबिया नोकनृत्य, राई लोकनृत्य, ढेढिया नोकनृत्य, मयूर नृत्य, आदिवासी नृत्य आदि के 250 कलाकारों द्वारा शोभायात्रा निकाली जायेगी। अन्य प्रदेशों के लोक कलाकार रऊफ नोकनृत्य कश्मीर, छपेली नोकनृत्य उत्तराखंड, घूमर लोकनृत्य हरियाणा, बरेदी लोकनृत्य मध्यप्रदेश, भांगड़ा गथका लोकनृत्य पंजाब, ढोलतासा लोकनृत्य महाराष्ट्र आदि प्रदेशों के 240 कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
बैठक में विशेष सचिव पर्यटन ईशा प्रिया, अपर निदेशक संस्कृति दिलीप कुमार गुप्ता, सहायक निदेशक संस्कृति रेनू रंगभारती तथा क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह आदि मौजूद थे।
Comentarios